नई दिल्ली (नेहा): गोवा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां उत्तरी गोवा में स्थित अर्पोरा गांव के एक नाइटक्लब में देर रात सिलिंडर विस्फोट से भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। यह जानकारी वरिष्ठ अधिकारी और गोवा पुलिस प्रमुख अलोक कुमार ने दी। कुमार ने बताया कि आग सिलेंडर ब्लास्ट के कारण लगी। डीजीपी ने बताया कि अब तक 14 क्लब के कर्मचारियों, 4 पर्यटकों और 7 अज्ञात लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
इस भयावह घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और उनकी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिनके प्रियजनों की इसमें जान गई। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वे गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात कर चुके हैं और राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की भी कामना की।
इतना ही नहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने गोवा के अर्पोरा में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। केंद्र सरकार ने कहा कि इस दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।


