नई दिल्ली (नेहा): उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति के बाद योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। दिल्ली में सीएम योगी आदित्यनाथ का गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन और पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी भेंट का कार्यक्रम है
लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जयंती पर सोमवार को उनके नाती मंत्री संदीप सिंह के आवास पर जाकर श्रृद्धा सुमन अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नई दिल्ली रवाना हो गए। नई दिल्ली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीधा पीएम मोदी के सरकारी आवास, सात लोक कल्याण मार्ग का रुख किया। यहां पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के साथ करीब एक घंटा तक वार्ता की।
नये वर्ष पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी के बीच पहली मुलाकात करीब एक घंटे की रही। इस मुलाकात को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि पीएम नरेन्द्र मोदी से सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के विस्तार पर चर्चा की होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ की पीएम मोदी से इस मुलाकात पर हर किसी की नजर है। इस समय दिल्ली में ही यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद हैं।


