नई दिल्ली (नेहा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान के तीन देशों के दौरे पर रवाना हो गए। जॉर्डन में व्यापार और राजनीतिक रिश्तों पर चर्चा होगी। इथियोपिया में भारत-अफ्रीका साझेदारी को नई दिशा मिलेगी। ओमान में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर फोकस रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से तीन देशों के अहम दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस यात्रा में वह जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान जाएंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह दौरा भारत के पश्चिम एशिया और अफ्रीका के साथ रिश्तों को नई मजबूती देने वाला है। व्यापार, निवेश, रणनीतिक सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर इस दौरान गहन बातचीत होगी।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी है। भारत इस दौरे के जरिए अपने भरोसेमंद साझेदारों के साथ राजनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाना चाहता है। खास बात यह है कि जॉर्डन और इथियोपिया की यह पीएम मोदी की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा होगी, जबकि ओमान का यह उनका दूसरा दौरा है।
प्रधानमंत्री मोदी 15 दिसंबर को जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचेंगे। वहां वह किंग अब्दुल्ला द्वितीय से आमने-सामने बातचीत करेंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। भारत और जॉर्डन के बीच कूटनीतिक संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं, ऐसे में यह यात्रा विशेष मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और राजनीतिक सहयोग पर फोकस रहेगा।


