नई दिल्ली (नेहा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संसद के शीतकालीन सत्र में लोकसभा में ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर एक खास चर्चा शुरू करेंगे। पीएम मोदी इस मौके पर विपक्ष को घेरते हुए नजर आ सकते हैं। इसकी एक झलक पीएम मोदी के पिछले दिनों वंदे मातरम के 150 पूरे होने पर दिये भाषण में देखने को मिली थी। ऐसा बताया जा रहा है कि पीएम मोदी बंकिम चंद्र चटर्जी के लिखे और 7 नवंबर 1875 को साहित्यिक पत्रिका बंगदर्शन में पहली बार छपे इस राष्ट्रीय गीत के आजादी की लड़ाई में योगदान, इसके ऐतिहासिक महत्व और आज की जरूरत पर भी बात कर सकते हैं।
वंदे मातरम के बारे में पीएम मोदी के विचारों का विपक्षी सदस्य बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दरअसल, पिछले महीने वंदे मातरम गीत की सालगिरह मनाने के एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर फैजाबाद में पार्टी के 1937 के सेशन में असली गीत से ‘जरूरी लाइनें हटाने’ का आरोप लगाया था। ऐसा माना जा रहा है कि लोकसभा में एक बार फिर पीएम मोदी वंदे मातरम के जरिए विपक्ष को घेर सकते हैं।


