सवाई माधोपुर (नेहा): नए साल के स्वागत और पारिवारिक अवकाश के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा अपने परिवार के साथ सवाई माधोपुर पहुंचे हैं। गांधी-वाड्रा परिवार का काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए सवाई माधोपुर पहुंचा। यह यात्रा पूरी तरह निजी बताई जा रही है। परिवार रणथंभौर स्थित पांच सितारा होटल शेरबाग में ठहरा हुआ है, जहां उनका चार दिन रुकने का कार्यक्रम है।
सूत्रों के अनुसार गांधी-वाड्रा परिवार दो जनवरी तक रणथंभौर में ही रहेगा। इस दौरान परिवार का रणथंभौर नेशनल पार्क भ्रमण का भी कार्यक्रम तय है। हर साल की तरह इस बार भी परिवार नए साल का जश्न रणथंभौर की प्राकृतिक वादियों के बीच मनाएगा। हालांकि इस बार सोनिया गांधी इस यात्रा में शामिल नहीं हैं।
रणथंभौर यात्रा को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई को लेकर है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रेहान वाड्रा की सगाई दिल्ली निवासी अवीवा बेग से हो चुकी है। दोनों परिवारों की सहमति के बाद दिल्ली में ही एक बेहद निजी समारोह में यह सगाई संपन्न हुई बताई जा रही है। रेहान वाड्रा पेशे से फोटोग्राफर और फोटो आर्टिस्ट हैं, जबकि अवीवा बेग भी फोटोग्राफी के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं।


