नई दिल्ली (नेहा): दंगल और छिछोरे जैसी फिल्में बनाने जाने वाले नितेश तिवारी पहली बार किसी पौराणिक फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। रामायण उनके करियर की मोस्ट एंटीसिपेटेड और एक्सपेंसिव मूवी है। सिर्फ नितेश तिवारी ही नहीं, बल्कि रामायण भारतीय सिनेमा की भी सबसे महंगी फिल्म साबित हो गई है। मेकर्स ने इस फिल्म को बनाने में इतना पैसा लगाया है कि जानकर आपके भी होश उड़ जाएंगे।
रणबीर कपूर स्टारर रामायण दो भागों में बन रही है। पहला भाग 2026 और दूसरा भाग 2027 में रिलीज होगा। कास्ट शानदार है। वीएफएक्स भी कमाल का है, सिनेमैटोग्राफी और बाकी चीजों की बारीकियों को पर्दे पर दिखाने की फुल प्लानिंग है। ऐसे में मेकर्स ने रामायण को सबसे बेहतर ढंग से सिल्वर स्क्रीन पर दिखाने के लिए बजट के बारे में जरा भी नहीं सोचा है। इस फिल्म पर मेकर्स इतना पैसा लगा रही है कि उतना तो सुपरहिट फिल्म भी नहीं कमा पाती है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, रामायण फ्रेंचाइजी के लिए मेकर्स ने 100-200 करोड़ नहीं बल्कि पूरे 1600 करोड़ रुपये का बजट लगाया है। सिर्फ रामायण के पहले भाग का बजट 900 करोड़ रुपये है, जबकि सीक्वल के लिए 700 करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं। यह भारी भरकम खर्च ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी सीरीज बनाता है।