नई दिल्ली (नेहा): संजय सरावगी बिहार बीजेपी के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। दरभंगा सदर से 6 बार के विधायक हैं। पूर्व मंत्री रह चुके हैं। वैश्य समुदाय से आते हैं जो BJP का कोर वोटर है। मिथिलांचल में पार्टी का चर्चित और पुराना चेहरा है। इस बार उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया। वो दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे. दिलीप जायसवाल भी वैश्य समुदाय से ही आते हैं।
वे लगभग 10 सालों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के विभिन्न पदों पर रहकर संगठनात्मक कार्य करते रहे हैं। 1999 में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री रहे। 2001 में दरभंगा नगर मंडल भाजपा के अध्यक्ष रहे। 2002 में दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या 6 से पार्षद निर्वाचित हुए. 2003 में दरभंगा जिला भाजपा के महामंत्री के पद पर रहे।
पहली बार फरवरी 2005 में दरभंगा सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार विधायक निर्वाचित हुए। 2017 में बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति रहे। फरवरी 2025 में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री चुने गए।


