मुंबई (नेहा): थलपति विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ के सर्टिफिकेशन को लेकर मुश्किल बढ़ती ही जा रही हैं। इन सबके बीत, फिल्म की रिलीज एक बार फिर से टल गई है और इसे पोस्टपोन कर दिया गया है। यह जानकारी 7 जनवरी को सामने आई, जब यूरोप और मलेशिया में फिल्म के डिस्ट्रिब्यूटर्स ने ट्विटर पर घोषणा की कि फिल्म की रिलीज रद्द कर दी गई है। यह फिल्म पहले 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब पोस्टपोन कर दी गई है और मेकर्स ने अभी तक नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है।
फिल्म की रिलीज से पहले इसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने सर्टिफिकेट नहीं दिया था, इसी कारण से ये फैसला लिया गया है। मेकर्स ने रिलीज डेट पर फिल्म रिलीज करवाने के लिए मद्रास हाई कोर्ट में राहत की गुहार भी लगाई। हालांकि, फायदा तब भी नहीं हुआ। इस घटना ने एक बार फिर से बड़ी फिल्मों के सर्टिफिकेशन में देरी और रिलीज की तारीख को लेकर बहस छेड़ दी है।
CBFC की जांच कमेटी के पांच सदस्यों में से एक ने बोर्ड के चेयरमैन को शिकायत भेजी थी, जिसमें कहा गया था कि कमेटी द्वारा कुछ कट के साथ U/A 16+ सर्टिफिकेट जारी करने की सिफारिश करने से पहले उनकी आपत्तियों पर विचार नहीं किया गया था। इसी वजह से चेयरमैन ने फिल्म को एक रिवाइजिंग कमेटी के पास भेजने का फैसला किया, जो सेंसर सर्टिफिकेट में देरी का कारण लग रहा है। बुधवार (7 जनवरी, 2026) को दोनों पक्षों को सुनने के बाद, जज ने संकेत दिया कि फैसला 9 जनवरी, 2026 को ही सुनाया जा सकता है, जिसका मतलब था कि आदेश को लागू करने और उसी दिन फिल्म रिलीज करने के लिए पर्याप्त समय नहीं होगा।


