नई दिल्ली (नेहा): फिल्ममेकर मनीष गुप्ता के खिलाफ मुंबई पुलिस ने केस दर्ज किया है। मनीष गुप्ता पर आरोप है कि उन्होंने अपने ड्राइवर पर चाकू से हमला किया। इसकी जानकारी मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने दी। बताया जा रहा है कि घटना 5 जून को मुंबई के वर्सोवा इलाके में मनीष गुप्ता के घर पर घटी। पुलिस ने 6 जून को फिल्ममेकर के खिलाफ केस दर्ज किया।
हालांकि, अभी तक मनीष गुप्ता को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118 (2), 115 (2) और 352 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनीष गुप्ता ने अपने ड्राइवर राजीबुल इस्लाम लश्कर पर चाकू से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। वह मनीष गुप्ता के यहां तीन साल से काम कर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लाम लश्कर ने फिल्ममेकर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई, जिसमें बताया कि वह मनीष गुप्ता के यहां 3 साल से काम कर रहा है। उसे 23 हजार रुपये सैलरी मिलती है। मनीष गुप्ता पर इस्लाम ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसे कभी टाइम पर सैलरी नहीं दी। और तो और 30 मई को नौकरी से भी निकाल दिया। नौकरी से निकालने के बाद पैसे भी नहीं दिए।
जब इस्लाम लश्कर अपनी सैलरी मांगने मनीष गुप्ता के घर गया, तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि मनीष गुप्ता ने इस्लाम लश्कर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद इस्लाम को तुरंत ही नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।