नई दिल्ली (नेहा): शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुधवार को अपने चचेरे भाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की। दोनों दलों के बीच गठबंधन की अटकलों के बीच यह मुलाकात हुई। दोनों दलों के प्रमुखों और उनके नेताओं के बीच राज ठाकरे के आवास ‘शिवतीर्थ’ पर बैठक चल रही है। उद्धव के साथ संजय राउत और अनिल परब भी हैं। दोनों चचेरे भाइयों के बीच यह दूसरी सार्वजनिक मुलाकात है। इससे पहले, उद्धव ठाकरे गणेश उत्सव के अवसर पर शिवतीर्थ गए थे।
इससे पहले दोनों भाइयों के बीच 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी पर मुलाकात हुई थी। शिवसेना (यूबीटी) ने एक्स पर ठाकरे परिवार के एक साथ आने की तस्वीरें पोस्ट की थी। इस तस्वीर में राज और उद्धव ठाकरे अपने दादा केशव और अपने पिता श्रीकांत और बाल ठाकरे की तस्वीर के पीछे खड़े थे। इस तस्वीर के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि ठाकरे परिवार दो दशकों से अपनी-अपनी राजनीतिक राह तय कर रहा है, फिर भी दोनों एक साथ हैं।
कभी बिछड़े रहे इन चचेरे भाइयों के बीच यह कम से कम तीसरी सार्वजनिक मुलाकात थी। मराठी भाषी बहुल राज्य में हिंदी थोपने के आरोपों के बीच, महाराष्ट्र सरकार द्वारा कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों के लिए त्रि-भाषा फॉर्मूले पर अपने विवादास्पद आदेश को वापस लेने के बाद, दोनों ने 5 जुलाई को मुंबई में अपनी जीत का जश्न मनाने के लिए एक मंच साझा किया था। इसके बाद से ही दोनों दलों के बीच चुनावी गठबंधन की चर्चा ने जोर पकड़ लिया था।


